भारत बंद के दौरान झारखंड के कई जिलों में हिंसा, पुलिस पर पथराव; 763 गिरफ्तार

खबरें अभी तक। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ दलित व आदिवासी संगठनों के भारत बंद के दौरान रांची में पुलिस पर पथराव किया गया। जमशेदपुर में ट्रक को फूंक दिया गया। धनबाद में पथराव के बाद लाठीचार्ज में कई लोग घायल हो गए।गए। अन्य जिलों में बंद समर्थकों ने ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया। रांची में पुलिस और बंद समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। बंद समर्थकों ने पुलिस पर ईंट व पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। पूरे जिले में गिरफ्तार उपद्रवियों की संख्या 763 हो गई है। सभी बंद समर्थकों को कैम्प जेल में रखा गया है। कैम्प जेल में मीडिया कर्मियों के प्रवेश की इजाजत नहीं है। फिलहाल शहर की स्थिति सामान्य हो गई है। सड़कों पर आवागमन जारी है। दुकानें और प्रतिस्ठान खुले हैं।

जानकारी के मुताबिक, रांची के आदिवासी हॉस्टल के बंद समर्थकों ने जमकर उपद्रव किया। उन्होंने पुलिस पर पथराव किया। इसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस की ओर से आधा दर्जन आंसू गैस के गोले भी दागे। दो डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर उपद्रवियों को भगाया। इस दौरान कई छात्र गिरफ्तार कर लिए गए।

 हटिया में सड़क पर टायर जला दिए गए, जिससे यातायात पर असर पड़ा। आदिवासी छात्र संघ के अलावा कई और संगठन के समर्थक बंद को सफल करने के लिए सड़कों पर उतरे। हालांकि उन्होंने इमरजेंसी सेवा और बोर्ड परीक्षा को इससे दूर रखा। मेन रोड में दुकानें बंद रहीं। डोरंडा ओर हीनू में यातायात सामान्य रहा। हजारीबाग, बोकारो , जमशेदपुर रूट में 2-3 बसे ही रांची से रवाना हुई हैं।कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिलों में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया और दुकानों को बंद कराया। कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर देखा गया। पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र के पलासबनी के पास बंद समर्थकों ने सुबह चार बजे ही एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। उधर, टाटानगर रेलवे पुल रोड को बंद समर्थकों ने जाम कर दिया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जाम हटाया। कुछ लोग हिरासत में भी लिए गए हैं। साकची, बिष्टुपुर, मानगो समेत जमशेदपुर शहर में सभी दुकानें बंद रहीं। बंद के समर्थन में सैकड़ों युवा, पुरुष, महिलाएं व बच्चे हाथ में डंडा लेकर सड़क पर घूमते रहे। वहीं उनके पीछे पीछे पुलिस भी निगरानी कर रही। शहर में करीब 21 दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। कई जगह सड़कों पर टायर जलाकर आगजनी की भी सूचनाएं मिल रही हैं। घाटशिला में भारत बंद के समर्थन में बाइक रैली निकाली गई। कई समर्थक गिरफ्तार किए गए हैं। एनएच पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूरे क्षेत्र में वाहनों का परिचालन ठप है। दुकानें बंद हैं। सड़क पर पुलिस गश्त लगा रही है।