बिहार में कांग्रेस पार्टी ने बनाया बड़ा प्लान ,गुटबाजी होगी खत्म

खबरें अभी तक। बिहार पार्टी की मजबूती और जनाधार बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस नेता जी-जान से जुटे हैं। हाल में बिहार प्रभारी नियुक्त हुए शक्ति सिंह गोहिल सदाकत आश्रम में डेरा डाल चुके हैं। पार्टी की सभी गतिविधियों की मॉनेटरिंग कर रहे हैं। सबसे पहले वे अंदरूनी गुटबाजी दूर करने में जुटे हुए हैं। प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी के साथ रोजाना सलाह-मशविरा करने के बाद आवश्यक निर्देश जारी कर रहे हैं। बुधवार को हुई बैठक में उन्होंने जिलाध्यक्षों को जरूरी निर्देश दिये।

बिहार कांग्रेस की मजबूती के लिए नवनियुक्त प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से चार सचिवों की मांग की है। इन सचिवों की नियुक्ति के बाद संगठन का चार भागों में बंटवारा कर सचिवों को एक-एक क्षेत्र की मजबूती और जिला-प्रखंड अध्यक्षों से संपर्क की जिम्मेदारी दी जाएगी। जिलाध्यक्षों ने इस दौरान गोहिल से जल्द से जल्द बिहार कांग्रेस में पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग भी उठाई।

जिलाध्यक्ष कांग्रेस की रीढ़
बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल 24 अप्रैल से पटना में हैं। मंगलवार को उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों संग बैठक की थी। इसी कड़ी में बुधवार को जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस के अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं। अब वक्त है कि जिला कांग्रेस के अध्यक्षों का काम दिखाई भी पडऩा चाहिए।

वर्तमान सुनहरा होना जरूरी
गोहिल ने कहा कि हमारा अतीत कितना भी सुनहरा क्यों न ही, हमें अपनी मेहनत से अपने वर्तमान को सुनहरा बनाना होगा। बिहार की राजनीतिक स्थितियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा राजनैतिक परिस्थितियों के मद्देनजर समान विचारधारा वाले दलों से समझौता करना पड़ सकता है, लेकिन कांग्रेस अपनी नीतियों और सिद्धांत से कभी समझौता नहीं करेगी। इसी क्रम में उन्होंने संगठन चुनाव में आई विसंगितयों को दूर करने का आश्वासन भी जिलाध्यक्षों को दिया। गोहिल ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार मुहैया कराने की पक्षधर है।

जनाक्रोश रैली में शामिल हो कांग्रेसी
राहुल गांधी के नेतृत्व में 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में अयाोजित जनाक्रोश रैली का हवाला देकर गोहिल ने बिहार कांग्रेस के नेताओं का आह्वान किया कि यहां से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रैली में शामिल हों। बैठक में बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी, डॉ. मदन मोहन झा, डॉ. शकील अहमद खान, प्रेमचंद मिश्रा, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर, एचके वर्मा के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। इससे पहले गोहिल व अन्य कांग्रेसियों ने फुलवारी स्थिति खानकाह मुजीबिया, इमारते शरीया पहुंच पार्टी की तरक्की की दुआ की। नेताओं ने वीरकुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।