गुडिय़ा हेल्पलाइन ने बचाई हिमाचल की चार बेटियां

खबरें अभी तक। हिमाचल की चार बेटियों को बर्बाद होने से बचा लिया है। हेल्पलाइन के जरिये पुलिस ने चारों लापता युवतियों को ढूंढ निकाला है। चारों मामलों में अलग-अलग थानों में कानूनी कार्रवाई की गई है। युवतियों को इनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। गुडिय़ा हेल्पलाइन के माध्यम से 18 दिनों के भीतर 83 शिकायतें आई हैं। इनमें से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 71 शिकायतों का निपटारा कर लिया है। गुडिय़ा हेल्पलाइन पर अपराध से पीडि़त महिलाएं और उनके परिजन बेझिझक शिकायतें कर रहे हैं। गुडिय़ा हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। ये शिकायतें कानूनी कार्रवाई करने के लिए संबंधित जिले के थाने को भेजी जाती हैं। थानों की पुलिस को इनमें 48 घंटे के भीतर एक्शन लेना होता है। इसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजनी पड़ती है। इस हेल्पलाइन का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। उन्होंने 26 जनवरी को इस हेल्पलाइन को जनता को समर्पित किया था। उन्होंने शक्ति एप बटन और होशियार हेल्पलाइन को भी शुरू किया था।

बल्ह से अपहृत लड़की मिली-
बल्ह क्षेत्र की एक नाबालिग बेटी 12 नवंबर 2016 से लापता थी। एक साल बाद यह लड़की वापस घर आ गई थी। पिछले साल 23 दिसंबर को उसका एक लड़के ने अपहरण कर लिया। पीडि़ता के पिता ने मंडी में बल्ह पुलिस के पास शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था लेकिन पीडि़ता का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। अपहृत लड़की के पिता ने गुडिय़ा हेल्पलाइन पर फोन किया। उन्होंने हेल्पलाइन पर 26 जनवरी को शिकायत की। इसके बाद मंडी पुलिस भी हरकत में आ गई। अब लड़की को ढूंढ़ लिया गया है।
 –
गुडिय़ा हेल्पलाइन के बेहतर नतीजे-
गुडिय़ा हेल्पलाइन के बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं। सरकार के निर्देश पर इस हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कई लापता लड़कियों की तलाश करने में यह हेल्पलाइन मददगार साबित हुई है। महिला अपराधों की रोकथाम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं। पुलिस सरकार के निर्देशों का हर हाल में पालन करेगी।
एसआर मरडी, डीजीपी.
मंडी से अपहृत लड़की बरामद-
मंडी निवासी एक व्यक्ति ने सात फरवरी को गुडिय़ा हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का अपहरण हो गया है। उसके बाद मंडी की सदर पुलिस ने अपहृत लड़की की तलाश की। पुलिस ने इस मामले में भी नाबालिग लड़की को ढूंढ़ लिया है। इस संबंध में मंडी थाने में आरोपी के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।