जींद रैली शुरू, थोड़ी देर में पहुंचेंगे अमित शाह, विरोध करने जा रहे अशोक तंवर हिरासत में

खबरें अभी तक। भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह की जींद रैली शुरू हो गई है। अमित शाह थोड़ी देर में रैली स्‍थल पर पहुंचेंगे। अमित शाह हेलीकाॅप्‍टर से पहुंचेंगे। वह हैलीपैड से बाइक पर सवार होकर रैली स्‍थल तक पहुंचेंगे। उनके साथ मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और बाइकों पर सवार नेताओं व कार्यकर्ताओं का काफिला भी हाेगा। रैली में केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह आैर उनकी पत्‍नी विधायक प्रेमलता पहुंचे हैं। राज्‍य की मंत्री कविता जैन और कृषि मंत्री आेमप्रकाश जैन भी मंच पर हैं। उधर, रैली के विरोध प्रदर्शन करने सभास्‍थल की आेर जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अशोक तंवर को पुलिस ने समर्थकों सहित हिरासत में ले लिया है। वह अमित शाह को काले झंंडे दिखाने जा रहे थे।

रैली में केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह अपनी विधायक पत्‍नी प्रेमलता के साथ पहुंचे। वह पंडाल में लाेगों के बीच से मंच तक पहुंचे। सफीदों के विधायक जसबीर देशवाल भी पहुंचे। देसवाल ही अमित शाह का रैली स्थल पर पुष्पगुच्छ से अभिवादन करेंगे। राज्‍य की मंत्री मंत्री कविता जैन भी मंच पर पहुंची हैं। रैली में मंत्री कर्णदेव कंबोज और कालका की विधायक लतिका शर्मा भी मौजूद हैंजाटलैंड जींद अमित शाह की रैली के लिए सुंदर ढ़ंग से सजा-संवरा हुआ है। पूरा शहर भाजपामय नजर आ रहा है। रैली स्थल का माहौल पूरी तरह से केसरिया है। सुरक्षा का मोर्चा अर्धसैनिक बलों के जवानों ने संभाल रखा है। मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला सहित सभी वरिष्‍ठ नेता रैली स्‍थल और हैलीपैड पर पहुंच गए हैं और सभी को अमित शाह के पहुंचने का इंतजार है।

अमित शाह नई रायल इनफील्ड (बुलेट) पर सवार होकर रैली स्थल तक पहुंचेंगे। उनके सारथी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला होंगे। हैलीपेड पर हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद हेलमेट के साथ बराला के पीछे बुलेट पर बैठकर 580 मीटर दूर स्टेज तक पहुंचेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज हारले-डेविडसनसे जींद पहुंचेंगे।