राज्यसभा चुनावः कुछ ऐसे पलट सकता है संसद का खेल

खबरें अभी तक। देश की सियासत के लिए 23 मार्च की तारीख बहुत अहम होने जा रही हैं, क्योंकि इसी दिन राज्यसभा की 58 सीटों के लिए चुनाव होंगे। भाजपा इसे राज्यसभा में अपना गणित दुरुस्त करने के मौके के तौर पर देख रही है, तो विपक्षी भी अपनी एक-एक सीट को जीतने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। 23 मार्च को  राज्यसभा के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी और कल ही परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। यहां पर  हम बताएंगे राज्यसभा का पूरा गणित और जानेंगे कि देश की राजनीति पर इन चुनावों का कितना असर होगा-

गौरतलब है कि 16 राज्यों से कुल 58 सीटों के लिए राज्यसभा सदस्य चुने जाने हैं, लेकिन 25 से ज्यादा उम्मीदवारों को पहले ही निर्विरोध चुना जा चुका है। इनमें बिहार से 6, महाराष्ट्र से 6, मध्यप्रदेश से 5, आंध्रप्रदेश, राजस्थान और ओडिशा से 3-3 तथा हरियाणा, उत्तराखंड से एक-एक सदस्य शामिल हैं।

राज्यसभा में कुल 245 सदस्य हैं। एनडीए के पास 77 सदस्य हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा भाजपा के 58 सदस्य हैं। अन्य दलों में जेडीयू के 7, शिरोमणि अकाली दल और शिवसेना के 3-3 सदस्य, पीडीपी के 2 और चार अन्य दलों के एक-एक सदस्य हैं, जो एनडीए के घटक दल हैं। राज्यसभा में विपक्ष व अन्य दलों के पास 168 सदस्यों का दम है। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास 54 सदस्य हैं।