पाकिस्तान से आई गीता की तबीयत खराब, 3 किलो घटा वजन; डॉक्टरों ने किया परीक्षण

पाकिस्तान से भारत वापस लौटी मूक-बधिर गीता की सेहत इन दिनों ठीक नहीं है। शारीरिक कमजोरी और व्यवहार में परिवर्तन के चलते डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया है। मनोचिकित्सकों की टीम ने गीता की कई जांचें की हैं। इसकी रिपोर्ट हाल ही में प्रशासन को सौंपी गई है। इसमें गीता के वजन में कमी और मानसिक रूप से परेशान होने का उल्लेख है।

गौरतलब है कि दो साल से गीता मध्य प्रदेश के इंदौर के मूक-बधिर संस्था में परिवार मिलने की उम्मीद में रह रही है। विदेश मंत्रालय ने गीता को यहां आश्रय दिया है। देशभर के एक दर्जन से ज्यादा दंपती उसे अपनी बेटी होने का दावा कर चुके हैं, लेकिन किसी से भी उसका डीएनए मैच नहीं हुआ है।

माता-पिता का पता नहीं चलने से वह परेशान रहने लगी है। बीते दिनों कलेक्टर ऑफिस में एक बैठक के दौरान गीता की शारीरिक स्थिति पर कई लोगों ने सवाल उठाए थे। संस्था में गीता ने खाना-पीना भी कम कर दिया है और मायूस सी रहने लगी है। कलेक्टर से मिलने के दौरान वह फूट-फूटकर रोई थी। गीता की शारीरिक व मानसिक स्थिति में बदलाव देख शासन ने उसका परीक्षण कराया। सूत्रों के मुताबिक गीता के वजन में करीब तीन किलो की गिरावट आ गई है। वह आजकल चिड़चिड़ी हो गई है। गौरतलब है कि गीता को विदेश मंत्रालय के सहयोग से पाकिस्तान से वापस लाया गया था।

‘बजरंगी भाइजान’ से मिलना है

गीता ने प्रशासन के समक्ष बजरंगी भाइजान यानी सलमान खान से मिलने की इच्छा जाहिर की है। उसे लगता है कि फिल्म की तरह हकीकत में भी बजरंगी उसके परिवार को ढूंढ देगा। वह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मिलकर बात करना चाहती है। संभवत: अगले हफ्ते गीता को मंत्रालय बुलाने पर विचार चल रहा है।