हैदराबाद में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर विमान डायवर्ट, क्रोधित यात्रियों का हंगामा

हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमान उतरने की अनुमति नहीं मिलने से बुधवार को इंदौर से रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट को चेन्नई डायवर्ट किया गया। इस कारण यात्रियों को करीब छह घंटे तक विमान में बैठने को मजबूर होना पड़ा। एयरलाइंस स्टाफ के इस रवैए से गुस्साए यात्रियों ने हंगामा किया। काफी देर बाद यात्रियों को फ्लाइट डायवर्ट किए जाने की वजह बताई गई। इसके चलते कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई।

इसके बाद विमान चेन्नई से सुबह 6 बजे रवाना हुआ। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक इंडिगो की 6ई 648 इंदौर–हैदराबाद फ्लाइट बुधवार रात 9.30 बजे रवाना हुई, जिसे हैदराबाद में रात 11 बजे पहुंचना था। मगर हैदराबाद एयरपोर्ट पर एक विमान का टायर फटने से बाकी फ्लाइट को उतरने की अनुमति नहीं दी गई। इंडिगो का विमान रात 10.45 बजे हैदराबाद पहुंचने वाला था। उस दौरान एटीसी ने विमान को उतरने के बजाय चेन्नई डायवर्ट करने के निर्देश दिए।

यात्री आशीष राठी ने बताया कि एयरलाइंस स्टाफ ने घंटेभर में हैदराबाद के लिए उड़ान भरने की बात कही। कुछ देर बाद यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया, क्योंकि उनकी हैदराबाद से आगे की फ्लाइट थी, जबकि कुछ यात्रियों को ट्रेन से सफर करना था। मगर स्टाफ ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस बीच एक भी यात्री को विमान से उतरने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह 5 बजे विमान को हैदराबाद रवाना किया, जो सुबह 6.30 बजे पहुंचा।