कल समुद्र में उतरेगा एक पूरा शहर, इस क्रूज की सुविधाएं दिल खुश कर देंगी

इंसानी चाहत का कोई आसमान नहीं होता। धरती पर एक से बढ़कर एक शाहकार रच चुका इंसान अब अंतरिक्ष में भी कदम बढ़ा रहा है। लेकिन धरती पर ही समुद्र एक ऐसी जगह है, जो इंसान को अक्सर अपनी ओर आकर्षित करता है। समुद्र की लहरों को काबू करने और उस पर अपने अरमानों के रंग बिखरने के सपने को पूरा करने की कोशिश इंसान हमेशा करता रहता है। इसी एक कोशिश का नाम है ‘सिंफनी ऑफ द सीज’।

हर मायने में खास है यह क्रूज-

‘सिंफनी ऑफ द सीज’ दुनिया का सबसे बड़ा क्रूज शिप है और यह 31 मार्च को लांच होने जा रहा है। अप्रैल में यह पहले सफर पर निकलेगा। यह जहाज इतना विशाल है कि समुद्र पर चलते-फिरते शहर जैसा नजर आता है। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित रॉयल कैरेबियन क्रूज लाइन कंपनी के इस जहाज में आठ हजार लोग आराम से सफर कर सकते हैं।

फ्रांस में निर्माण-
इस आलीशान क्रूज शिप को फ्रांस के सेंट नजैर शहर में एक शिपयार्ड में बनाया गया है। यह रॉयल कैरेबियन जहाज कंपनी का 25वां क्रूज है।