अचानक आए तूफान से 99 लोगों की मौत ,मौसम विभाग ने दी चेतावनी फिर आ सकता है तूफान

खबरें अभी तक। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात आए आंधी-तूफान ने 99 लोगों की जान ले ली। राजस्थान में जहां 35 लोगों की जान चली गई वहीं उत्तर प्रदेश में अभी तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। दर्जनों लोग इस तूफान में घायल भी हुए हैं जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात आए आंधी-तूफान ने 99 लोगों की जान चली गई।

राजस्थान के आपदा राहत मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि राज्य के तीन जिलों में आंधी-तूफ़ान से कुल 35 लोगों की अब तक मौत हुई है। इनमें 17 भरतपुर, 9 अलवर और 9 धौलपुर के हैं। दो मृतक यूपी के रहने वाले है जो किसी काम से भरतपुर आए थे। इन दोनों को सहायता राशि यूपी सरकार देगी। इसी तरह भरतपुर के रहने वाले दो लोग आगरा गए थे। उनकी भी मौत हुई है जिनको मुआवज़ा राजस्थान सरकार देगी। राजस्थान सरकार ने पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रूपए की सहायता राशि देने का एलान किया है। तीनों जिलों में राहत के काम को गति देने के लिए तीन क़ाबीना मंत्री भेजे गए हैं। ढाई करोड़ रूपए तीनों जिलों के लिए तत्काल मंज़ूर किए गए हैं।

राजस्थान में 100 लोग घायल भी है। तूफान में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली जिससे पेड़ गिर गए, टेलीफोन सेवा, बिजली व जल की आपूर्ति प्रभावित हुई और घरों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने कहा कि अलवर, झुंझुनू व बीकानेर में नुकसान के स्तर की अभी सटीक जानकारी नहीं मिली है। भरतपुर व अलवर में रात भर बिजली नहीं रही।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने अधिकारियों से घायलों की मदद करने के लिए कहा। उन्होंने ट्वीट किया, “अलवर, भरतपुर व धौलपुर में तूफान से हुए नुकसान से दुखी हूं। मैंने सभी जिलों के अधिकारियों से सभी घायलों के इलाज के लिए हर संभव मदद सुनिश्चित करने के लिए कहा है। मृतकों के परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं”।