“किशोर दा” के 100 साल पुराने पुशतैनी बंगले का हुआ सौदा

खबरें अभी तक। हरफनमौला सिंगर स्वर्गीय किशोर कुमार के मध्य प्रदेश के खंडवा में बंगले का सौदा हो गया है। बंगले की करीब सात हजार वर्गफीट जमीन का व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा। हालांकि, यहां किशोरदा की याद में उनकी स्मृतियों को संजोने की बात भी कही जा रही है।

किशोर कुमार का जन्म जिस बंगले में हुआ था। उसे शहर के व्यवसायी अभय जैन द्वारा खरीदा जा रहा है। हालांकि, अभी रजिस्ट्री नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार सात हजार वर्गफीट बंगले की जमीन का सौदा 14 करोड़ में हुआ है। खरीदार जैन ने राशि को लेकर अभी कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया है। उनका कहना है कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। बंगले की जमीन पर मार्केट बनाया जाएगा। इस स्थल पर किशोर कुमार की स्मृतियों को भी संजोया जाएगा ताकि किशोर दा के प्रशंसकों को निराश न होना पड़े।

जानकारी के लिए वता दें कि किशोर कुमार का बंगले का बंटवारा दो हिस्सों में हुआ था। इसमें अनूप कुमार के बेटे यानी किशोर दा के भतीजे अर्जुन कुमार को 75 फीसद हिस्सा मिला है। शेष हिस्सा किशोरदा के बेटे सुमित कुमार को मिला है। अर्जुन कुमार ने अपने हिस्से की जमीन बेचने की इच्छा जताई थी। इससे पहले भी वह बंगले के सौदे के सिलसिले में खंडवा आए थे। बताया जाता है कि खरीदार से बात नहीं बनने के कारण सौदा रद हो गया था। अब पूरे हिस्से का सौदा हुआ है। वर्तमान में यहां एक चौकीदार रहता है।