लूट की छूट के लिए हुआ है कांग्रेस -जेडीएस का गठबंधन :कृष्ण पाल गुर्जर

खबरें अभी तक।  केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का कहना है कि  बेशक देश और कई प्रदेशों  में अनेकों बार गठबंधन की सरकार बनी है मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्देश अमित शाह देश की जनता को गठबंधन की सरकारों से मुक्ति दिलाना चाहते हैं । क्योंकि गठबंधन की  सरकारों में लूट की छूट होती है ।इसका नुकसान पूरे देश की जनता को होता है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जनता ने भाजपा को जनादेश दिया था।

सत्तारूढ़ दल कांग्रेस को वहां 122 की तुलना में महज 78 सीट जबकि भाजपा को 40 की तुलना में 104 सीटें मिली। जनता ने भाजपा को 64 सीट इसलिए ज्यादा दी थीं कि वहां भाजपा की लोकप्रिय सरकार बने। अब कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस का स्वार्थ पूर्ण गठबंधन बना है। यह गठबंधन ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इस गठबंधन की सरकार से कर्नाटक की जनता को बड़ा नुकसान होने वाला है मगर भारतीय जनता पार्टी के सामने इस नुकसान को रोकने की एक बड़ी चुनौती है।