नाबालिक से दुष्कर्म के आरोप में कोर्ट ने दोषियों को सुनाई 10-10 साल की सजा

खबरें अभी तक। 13 साल की नाबालिक लड़की से दुष्कर्म के मामले में अदालत ने दो युवकों को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई है। दुष्‍कर्म के कारण लड़की गर्भवती हो गई थी और उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। दो युवकों को अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीश राजगुप्ता की अदालत ने सजा सुनाई। दोनों पर छह-छह हजार रुपये का जुर्माना भी किया गया है।

दोषी गौरव गांव लेघा और अमित झज्जर जिले के गांव एमपी माजरा का रहने वाला है। अभियोजन पक्ष के अनुसार शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली 13 साल की किशोरी से तीन युवकों ने दुष्‍कर्म किया। इसका खुलासा उसके गर्भवती होने के बाद हुआ। सात माह की गर्भवती होने पर परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया।

इस पर किशोरी ने अपने साथ हुए अमानवीय कृत्य के बारे में बताया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसके साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। किशोरी ने बताया कि वह कोचिंग लेने कॉलोनी में ही एक ट्यूशन सेंटर पर जाती थी। वहां आने वाले एक युवक ने अपने दो दोस्तों को बुलाया। तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीनों ने इस बारे में किसी को बताने पर लड़की को जान से मारने की धमकी दी।

दुष्‍कर्म के कारण लड़की गर्भवती हो गई। परिवार वालों को इस बारे में पता चला तो वे उसे सामान्‍य अस्‍पताल ले गए। वहां जांच में पता चला कि उसे सात माह का गर्भ है। बाद में लड़की ने एक बच्‍ची को जन्‍म दिया। शहर थाना पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। दो युवकों पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। तीसरे युवक का आज तक पता तक नहीं चल पाया।