पद्मावत के बाद अम्मु ने प्रियंका के एक शो को लेकर उठाए सवाल

खबरें अभी तक। हरियाणा भाजपा के पूर्व नेता व करणी सेना के महामंत्री सूरजपाल अम्मू ने पहले फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर फिल्‍म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण व फिल्‍मकार संजय लीला भंसाली के बाद अब फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को निशाने पर लिया है। प्रियंका चोपड़ा के अमेरिकी शो ‘क्वांटिको- द ब्लड ऑफ रोमियो’  के एक एपिसोड के सीन में एक हिंदू को बतौर आतंकवादी दिखाया गया है। जिसको लेकर अम्‍मू ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोला है।

अम्मू ने ट्वीट पर प्रियंका चोपड़ा के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। अम्मू ने लिखा कि विदेशी धरती पर भारत का अपमान हिंदुस्तान नहीं सहेगा।

इतना ही नहीं अम्मू ने लिखा कि अगर बालीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को भगवा हिंदुस्तानी आतंकी नजर आते हैं तो उनकी डीएनए टेस्ट होना चाहिए। उन्होंने लिखा कि प्रियंका भूल गई है कि वह एक सैनिक अधिकारी की बेटी है। उन्होंने पूछा है कि प्रियंका अपने पिता को दुख पहुंचाकर किसके दबाव में आतंकियों को खुश कर रही है।

‘क्वांटिको – द ब्लड ऑफ रोमियो’ शो के निर्माता ने हालांकि माफी मांगते हुए इस एपीसोड में प्रियंका चोपड़ा का कोई हाथ नहीं होने की सफाई दे दी है, मगर सूरजपाल अम्मू का गुस्सा थम नहीं रहा है। अम्मू ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका चोपड़ा का पाकिस्तान के प्रति नरम दृष्टिकोण और हिंदुस्तान के प्रति नकारात्मक रवैया काफी कुछ कह रहा है। प्रियंका को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके ऊपर दाऊद इब्राहिम का दबाव है या फिर उन्हें किसी पाकिस्तानी ने ऐसा शो करने के लिए कहा था। अम्मू का कहना है कि प्रियंका के सिर्फ माफी मांगने भर से काम नहीं चलेगा। उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर अहसास कराया जाना चाहिए कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका चोपड़ा ‘क्वांटिको – द ब्लड ऑफ रोमियो’ शो में एलेक्स पैरिश का किरदार निभा रही हैं, जो एफबीआई एजेंट हैं। ये एपिसोड 1जून को दिखाया गया था। इस एपिसोड में दिखाया गया कि भारत-पाक  में शांति वार्ता होने जा रही है। इससे पहले न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में परमाणु आतंकी हमले की साजिश का पता चलता है। इस हमले के शक के संदेह में एक शख्स को पकड़ा जाता है। इस संदिग्ध शख्स के पास से  रुद्राक्ष की माला मिलती है, जिसके बाद प्रियंका कहती हैं कि इंडियन नेशनलिस्ट हैं जो हमले के जरिए पाकिस्तान को बदनाम करना चाहते हैं।

प्रियंका चोपड़ा का हरियाणा के अंबाला जिले से जुड़ाव रहा है। सेना में बतौर डॉक्‍टर उनके पिता काफी समय तक अंबाला छावनी में कार्यरत रहे हैं। उनकी चचेरी बहन परिणीति चोपड़ा भी फिल्‍म अभिनेत्री हैं और उनका जुड़ाव भी अंबाला से रहा है। परिणीति को हरियाणा सरकार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का ब्रांड अंबेसडर बनाया था।