सर्व कर्मचारियों संघ ने मांगों को लेकर शुरू किया सत्याग्रह आंदोलन

खबरें अभी तक। चरखी दादरी के सर्व कर्मचारी संघ के तत्वावधान में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय के समक्ष सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया है। इस दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया और अल्टीमेटम दिया कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो 26 जून को प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारियां दी जाएंगी। बाद में प्रदेश भर के कर्मचारी बड़े आंदोलन की घोषणा करके हड़ताल पर चले जाएंगे।

दादरी के लघु सचिवालय के समक्ष कर्मचारियों ने सत्याग्रह आंदोलन की शुरूआत करते हुए धरना दिया। धरने की अगुवाई करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार घिकाड़ा व प्रदेश उपाध्यक्ष शर्मिला हुड्डा ने प्रदेश सरकार पर कर्मचारियों के साथ छलावा करने का आरोप लगाया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने जहां कच्चे से पक्के किए कर्मचारियों की कोर्ट में पैरवी सही ढंग से नहीं करने पर हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं पुरानी पैंशन नीति बहाल नहीं होने से कर्मचारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों के साथ ऐसा ही होता रहेगा तो कोई भी कर्मचारी सरकारी नौकरी नहीं कर पाएगी। उन्होंने कर्मचारियों की मांगे पूरी करने की मांग करते हुए कहा कि अब कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे। 26 जून को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके गिरफ्तारियां देंगे। फिर भी उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले जाएंगे।