मोतिहारी: आरटीआई कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

खबरें अभी तक। बिहार के मोतिहारी में एक आरटीआई कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पिछले 6 माह में RTI कार्यकर्ता की हत्या का यह तीसरा मामला है। मृतक नागरिक अधिकार मंच के साथ जुड़े थे। उन्होंने पुलिस, प्रशासन और मनरेगा से जुड़े भ्रष्टाचार के कई मामलों का खुलासा किया था।

मंगलवार की दोपहर RTI कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोतिहारी से अपने गांव संग्रामपुर लौट रहे थे। तभी उनको ओवरटेक कर एक बाइक आगे निकली और फिर उस बाइक पर सवार दो अपराधियों ने राजेंद्र सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में राजेंद्र सिंह को तीन गोलियां लगी। जिससे उनकी मौत हो गई। जहां हमला किया गया, वह बिल्कुल सुनसान जगह थी।

नागरिक अधिकार मंच के शिवप्रकाश राय ने बताया कि राजेन्द्र सिंह की हत्या आरटीआई कार्यकर्ता होने की वजह से उनकी हत्या की गई। राय के मुताबिक हाल ही में राजेंद्र पर झूठा केस कराने के मामले में कोर्ट ने संज्ञान लिया था। और संग्रामपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

इससे पहले राजेंद्र सिंह शिक्षक नियुक्ति घोटाला, मनरेगा और इंदिरा आवास योजना से जुडे मामले भी उजागर कर चुके थे। शिवप्रकाश राय का कहना है कि 12 जून को उनकी राजेंद्र सिंह से मुलाकात हुई थी, तब उन्होंने अपनी हत्या की आशंका जाहिर की थी। इससे पहले भी तीन बार उन पर जानलेवा हमला हो चुका था।