फीफा वर्ल्ड कप: रूस को अब अपनी अभी तक की सबसे बड़ी चुनौती देगा स्पेन

खबरें अभी तक। मेजबान रूस ने अभी तक फीफा वर्ल्ड कप के 21वें संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी को चौंकाते हुए पहली बार अंतिम-16 में जगह बनाई है, लेकिन उसके लिए अब चीजें उस तरह से आसान नहीं होने वाली है, जिस तरह से ग्रुप दौर में थीं।

रूस को अब अपनी अभी तक की सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना है। मेजबान टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में लुज्निाकी स्टेडियम में 2010 की विजेता और खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही स्पेन से टकराएगी।

रूस ने पहले मैच में सऊदी अरब को 5-0 से मात दी थी। उसके बाद मिस्र को भी हराया था। उसे हालांकि अपने आखिरी ग्रुप मैच में उरुग्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस हार से उसे सबक तो मिला होगा और अपनी गलतियों में सुधार कर वह स्पेन के सामने उतरना चाहेगी। हार से हो सकता है रूस के मनोबल पर थोड़ा असर पड़ा हो क्योंकि उरुग्वे बड़ी टीम है और उसके सामने बिखर जाना टीम की असल स्थिति को बयां करता है।

लेकिन उस हार से उबरने के लिए उसके पास पहली बार प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से मिला आत्मविश्वास है और यह स्पेन के लिए खतरनाक साबित भी हो सकता है। इस वर्ल्ड कप में अभी तक रूस की ताकत आक्रमण पंक्ति रही है जिसने दनादन गोल बरसाएं हैं। स्पेन के सामने यह आक्रमण पंक्ति कितनी कारगर साबित होगी यह देखना दिलचस्प होगा।

रूस का अटैक उसके स्टार स्ट्राइकर डेनिस चेरिशेव पर निर्भर है जो इस वर्ल्ड कप में अभी तक तीन गोल कर चुके हैं जबकि एक में उन्होंने असिस्ट किया है। रूस के सामने कार्वहल, पिके जैसे डिफेंडर हैं जिन्हें भेद पाना आसान नहीं होगा। वहीं रूस के डिफेंस को भी चौकन्ना रहने की जरूरत है। उरुग्वे के अटैक ने उसे कमजोर साबित किया था और स्पेन का अटैक उरुग्वे से बेहतर है।

स्पेन भी रूस के हल्के में नहीं ले सकता। बीते मैचों में जीत से रूस के पास आत्मविश्वास है और ऐसे में फुटबाल जैसे खेल में कोई भी टीम खतरनाक साबित हो सकती है।