हरियाणा में बनेंगे 15 नए पुलिस स्टेशन, महिला थाने भी हुए शामिल

खबरें अभी तक। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में दो महिला पुलिस थानों सहित 15 नए पुलिस स्टेशनों के निर्माण कार्य के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इन नए पुलिस स्टेशनों का निर्माण प्रदेश के 11 जिलों में किया जाएगा जिनमें अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, नूंह, पंचकुला, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। भिवानी और चरखी दादरी जिलों में महिला पुलिस स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा।

डीजीपी ने कहा कि इन पुलिस स्टेशनों के निर्माण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कामकाजी माहौल के साथ-साथ आधारभूत सुविधाएं भी प्रदान की जा सकेंगी जिससे राज्य पुलिस के जवान अपने आधिकारिक कर्तव्यों को और बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगेे।

पुलिस कर्मियों द्वारा राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए दिन-रात कर्तव्य निर्वहन को ध्यान में रखते हुए राज्य पुलिस को लगातार सशक्त किया जा रहा है। यह कदम सुरक्षा में निवेश को बढ़ाने का एक प्रयास है ताकि प्रदेश की जनता और संपत्ति की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।