भारी बारिश से मुंबई वालों को मिली राहत, 10 दिनों में हुई 864.5MM बारिश

खबरें अभी तक। पिछले कई दिनों से हो रही तेज बारिश से मुंबई में लोगों का जीवन अस्तव्यस्त हो गया था।  मगर अब बारिश की रफ्तार थमने से मुंबई वालों को बड़ी राहत मिली और उपनगर में ट्रेन सेवाएं बहाल हो गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के चलते वेस्टर्न रेलवे (डब्ल्यूआर) के एक खंड पर कल स्थानीय ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई थीं। चार दिन की लगातार बारिश के बाद हालांकि सड़क यातायात सुचारु ढंग से चल रहा था लेकिन भारी बारिश ने मुंबई के लोगों के जीवन को पंगु बना दिया। आज सुबह से ट्रेनों में लोगों की जबरदस्त भीड़ देखी गई, हालांकि वेस्टर्न रेलवे सीमित गति के साथ कुछ मार्गों पर ट्रेनें चला रहा है। क्योंकि रेलवे ट्रैक पर अब तक पानी भरा है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि महज 10 दिन में शहर में 864.5 मिमी बारिश हुई जो तकरीबन पूरे एक महीने में होने वाली बारिश के बराबर है। लोकल ट्रेनों को मुंबई की जीवनरेखा माना जाता है।

मंगलवार यह सेवा नालासोपारा और विरार स्टेशनों के बीच निलंबित कर दी गई थी, जिससे व्यस्त वेस्टर्न रेलवे लाइन पर यात्रा करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डब्ल्यूआर के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र भाकर ने कहा कि आज अपने-अपने गंतव्य स्थलों तक पहुंचने के लिए लोगों ने ट्रेनों का सहारा लिया। रेलवे स्टेशनों पर कई यात्रियों का तांता लगा रहा। उन्होंने कहा, ‘‘हमने एहतियात के साथ लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने का फैसला किया। सुबह करीब पौने सात बजे हमने चर्चगेट (दक्षिण मुंबई) और भयंदर (ठाणे जिला) स्टेशनों के बीच 10 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित रफ्तार के साथ सेवा शुरू की।’’