फेक न्यूज पर लगाम लगाने के लिए Whatsapp ने जारी किया अपडेट

खबरें अभी तक। काफी समय से सुर्खियों में रहने के बाद मैसेजिंग एप फेक न्यूज पर लगाम लगाने के लिए व्हाट्सएप ने फॉरवर्ड मैसेज को कंट्रोल करने वाला अपडेट जारी कर दिया है। व्हाट्सएप के इस अपडेट के बाद अब भारत में व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स किसी भी मैसेज को 5 बार से ज्यादा फॉरवर्ड नहीं कर सकते।

Image result for फेक न्यूज पर लगाम लगाने के लिए Whatsapp ने जारी किया अपडेट

व्हाट्सएप ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वह मैसेज फॉरवर्ड करने की सीमा तय करेगा। मैसेज फॉरवर्ड करने की यह सीमा भारत में व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने वाले सभी 20 करोड़ लोगों पर लागू की गई है। इससे पहले फेक मैसेज को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही व्हॉट्सएप ने देश में लोगों को जागरूक करने के लिए वीडियो की शुरुआत करने की बात भी कही थी। बताया गया था कि इस वीडियो के जरिए यूजर्स को ‘फॉरवर्ड’ मार्क के साथ मिले हुए मैसेज को भी आगे भेजने से पहले उसकी जांच करने का मौका मिलेगा।

लेकिन व्हाट्सएप के ताजा अपडेट के बाद अब कोई भी यूजर किसी भी मैसेज को 5 से ज्यादा बार फॉरवर्ड नहीं कर सकता है। हालांकि अफवाहों को रोकने में इस अपडेट की एक नाकामी यह भी है कि अगर किसी भी व्यक्ति के पास फॉरवर्ड किया गया मैसेज पहुंचता है तो वह भी आगे 5 लोगों तक इस मैसेज को भेज सकता है। व्हाट्सएप ने ये नहीं बताया है कि अब तक एक यूजर अधिकतम फॉरवर्ड मैसेज को कितने लोगों तक भेजता रहा है और इसका औसत क्या रहा है। ऐसे में यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर व्हाट्सएप के इस कदम से अफवाहों पर कारगर रोक लगेगी या नहीं।