स्पेन व USA की तर्ज पर पंचकूला में लगे इमरजेंसी पैनिक बटन्स

ख़बरें अभी तक। पंचकूला नगर निगम तथा पंचकूला पुलिस द्वारा आपातकालिन स्थिति के लिए शहर की विभिन्न जगहों पर पैनिक बटन का ट्रायल पंचकूला पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया, जिसका उद्घाटन पंचकूला जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक जोरवाल तथा नगर निगम के प्रशासक राजेश जोगपाल ने किया।

इस अवसर पर नगर निगम प्रशासक राजेश जोगपाल ने बताया कि नगर निगम पंचकूला द्वारा शहर में आपातकालिन स्थिति के लिए शहर की विभिन जगहों पर पैनिक बटन लगाए गए है। पंचकूला शहर के बस क्यू शैल्टरों, उद्योगों, बाज़ारों व पब्लिक जगहों पर यह आपातकालीन पेनिक बटन लगाए गए है। उन्होंने बताया कि अभी तक शहर के 8 स्थानों पर ही इन पेनिक बटनों को ट्रायल के लिए लगाया गया है और एक महीने तक इस पर जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि एक महीने के बाद पूरे शहर में इन पेनिक बटनों को लगाया जायेगा। एक महीने के ट्रायल में आवश्यकतानुसार सुधार भी किये जायेगे। इन पेनिक बटनों में पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस केन्द्रों का कंट्रोल होगा और जिस बटन को दबाया जायेगा, उसका आलार्म उस विभाग में जाकर बजेगा। पुलिस के लिए लाल, एंबुलेंस के लिए पीला तथा फायर के लिए हरा बटन लगाया गया हैं।

कमिश्नर नगर निगम ने बताया कि यह पेनिक बटन पहले महिला सुरक्षा के मद्देनजर बस क्यू शैल्टरों में लगाए जाने थे लेकिन उनके द्वारा इसका विस्तार करते हुए शहर के कई हिस्से इसके साथ जोड़े है। उन्होंने बताया कि इस तरह के पेनिक बटन ट्राईसिटी में पहली बार पंचकूला नगर निगम द्वारा लगाए गए है। पंचकूला पुलिस उपायुक्त अभिषेक जोरवाल ने बताया कि सभी पेनिक बटनों के माध्यम से लोगों को कई प्रकार की सहायता मिल पायेगी। इन पेनिक बटनों का प्रयोग कर पुलिस सहायता जल्द दी जा सकेगी और पुलिस कंट्रोल रूम इसका संदेश उनकी पुलिस पीसीआर को भेजेगा।