हरियाणा: सोना चोरी करने वाली महिला चोर गिरोह गिरफ्तार

ख़बरें अभी तक। गत 13 नवंबर को महेन्द्रगढ़ में श्री किशन संजीव कुमार सर्राफा की दुकान से 1537 ग्राम सोना चोरी करने वाले एक गिरोह के तीन महिला सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी किए गए सोने में से कुछ माल भी बरामद किया है। साथ ही इस गिरोह की एक महिला सदस्य अभी भी फरार है। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज नारनौल में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान दी।

महेन्द्रगढ़ की एक ज्वैलर्स की दुकान से बड़े ही अजीब अंदाज में चार महिलाओं ने करीब 45 लाख रूपए के सोने पर हाथ साफ कर दिया था। यह महिलाएं 13 नवंबर को ज्वैलर्स की दुकान पर चांदी की चुटकी लेने पहुंची। उसी दौरान इन्होंने दुकान मालिक को बातों में उलझाकर वहां रखा सोने की ज्वैलर्स का एक डिब्बा पार कर दिया। इस डिब्बे में लगभग 45 लाख रूपए के सोने के जेवर थे।

इस घटना के थोड़ी देर बाद ही दुकानदार को इसकी जानकारी हुई और सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना रिकार्ड हो गई। नारनौल सीआईए टीम ने इस मामले में दो महिलाएं व एक लड़की को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार गिरफ्तार किए गए इन महिलाओं से सोने का कुछ माल भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह की एक महिला अभी भी फरार है। उन्होंने यह भी बताया कि यह गिरोह पहले भी इस तरह की संगीन वारदाताएं कर चुका है।