केजरीवाल की रैलियों पर भाजपा ने साधा निशाना, कहा दिल्ली को बेसहारा छोड़ यहां सपने बेच रहे केजरीवाल

ख़बरें अभी तक। हरियाणा में चुनावी रैलियां कर रहे आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक व दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भाजपा ने हमला बोला है। केजरीवाल हरियाणा में इस समय लगातार स्कूल-अस्पताल रैलियां कर रहे हैं। इसी को लेकर भाजपा ने कहा है कि केजरीवाल दिल्‍ली की जनता को बेसहारा छोड़कर हरियाणा में सपने बेच रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि दिल्ली की जनता के बेसहारा छोड़कर आम आदमी पार्टी के नेता हरियाणा में सपने बेचने के लिए चक्कर काट रहे है। यह दिल्‍ली की जनता के साथ धोखा है। केजरीवाल हरियाणा के लोगों को भी धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। बराला और राजीव जैन ने कहा कि साफ छवि का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के दिल्ली में 67 विधायकों में 23 के खिलाफ अदालत में मामले चल रहे हैं। सभी मामले उनके सत्ता में आने के बाद के हैं। ऐसे में हरियाणा की जनता केजरीवाल के झूठे बहकावे में नहीं आएगी।