माली पशुपालकों और शिकारियों के बीच संघर्ष, 37 लोगों की मौत

ख़बरें अभी तक। बमाको के मध्य माली में फुलानी पशुपालकों के एक गांव पर पारंपरिक डोगोन शिकारियों के हमले में मंगलवार को 37 लोग मारे गए। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार मोप्ती क्षेत्र में बंकास के निकट कुलोगोन गांव में पारंपरिक डोजो शिकारियों के कपड़े पहने हुए लोगों ने हमला किया। डोजो शिकारी जातीय समूह डोगोन से जुड़े हुए हैं।

बयान के मुताबिक, 37 लोगों की मौत के अलावा कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं और कई मकान भी जलाए गए हैं। फुलानी समुदाय के अलाये यातारा ने बताया हमले में ग्राम प्रधान मूसा दिआलो। एक बुजुर्ग महिला और बच्ची सहित उनके पूरे परिवार की हत्या कर दी गई है।

फुलानी और डोगोन समुदायों के बीच चारागाह, जमीन और पानी को लेकर विवाद के कारण अकसर हिंसक संघर्ष होते हैं। वहीं संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 2018 में इस क्षेत्र में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।