विश्व पुस्तक मेला-2019 का हुआ आगाज़, दिव्यांगजन पर रखी गई इस बार की थीम

ख़बरें अभी तक। प्रगति मैदान पर आज से विश्व पुस्तक मेले का आगाज हो चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रीय पुस्तक न्यास प्रबंधन ने मेले की थीम दिव्यांगजन रखी है। मेले में थीम, पुस्तक और फिल्मों के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्वाभिमान दिलाने की तैयारी है।

इस बार पाठकों को सुबह 11 बजे से शाम आठ बजे तक आम से लेकर दिव्यांगजनों पर आधारित किताबों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। मेले में आने वाले पाठकों को पुस्तक, फिल्म, कलेंडर, उपकरण, तकनीक, सांकेतिक भाषा के बारे में जानने का मौका मिलेगा। मेले में 90 देशों के साथ-साथ पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका भी शामिल हो रहा है।

सामान्य लोगों के बीच दिव्यांगों को स्वाभिमान देने के मकसद से यूनेस्को डाक्यूमेंट्री फिल्म तो माइक्रोसॉफ्ट तकनीक व उपकरण प्रदर्शित कर रहा है। दिव्यांग थीम और प्रगति मैदान में चल रहे निर्माण के चलते मेला दिव्यांग फ्रेंडली होगा। गूगल की ओर से दिव्यांगों को दी जाने वाली सुविधाएं भी होंगी। इसमें नेत्रहीनों के लिए टाइपिंग, मोबाइल का नंबर पहचान करना आदि शामिल है। वहीं, ब्रेल स्लेट, पारकिंग्स टाइपराइटर और नई आधुनिक तकनीक पर आधारित ऑरबिट भी प्रदर्शित किया जाएगा। आम पाठकों को बताया जाएगा कि ब्रेल सांकेतिक भाषा की किताब किस प्रकार तैयार होती है।