मायावती का 63वां जन्मदिन आज: लखनऊ से लेकर दिल्ली तक होगा शक्ति प्रदर्शन

ख़बरें अभी तक: आज बसपा सुप्रीम मायावती का 63वां जन्मदिन है। लखनऊ और दिल्ली में उनके जन्मदिन का जश्न मनाया जाएगा। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली है। मायावती के 63वें जन्मदिन के अवसर पर 63 किलो का केक काटा जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सोमवार देर रात मायावती के घर पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी। दोनों नेताओं में करीब एक घंटे तक बातचीत हुई मायावती का जन्मदिन हर साल ‘जन कल्याणकारी दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है। 15 जनवरी को सुबह लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर जन्मदिन मनाया जाएगा।

दोपहर बाद वह दिल्ली चली जाएंगी। वहां उनके जन्मदिन समारोह में सहयोगी दलों के नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है। बसपा के सहयोगी दलों सपा, कांग्रेस, इनेलो, राजद, तृणमूल कांग्रेस सहित कई दलों के नेताओं को भी जन्मदिन में शामिल होने का न्योता दिया गया है। इन सभी दलों के नेताओं के दिल्ली में जुटने की संभावना को देखते हुए ही जन्मदिन लखनऊ के साथ-साथ दिल्ली में भी मनाने का फैसला लिया गया है। बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन को लेकर शहर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर उनके होर्डिंग और पोस्टर लगाये हैं जिसमें उनके जन्मदिन की बधाईयों के संदेश दिये गये हैं।