कुंभ: मकर संक्रांति पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ख़बरें अभी तक। संगमनगरी प्रयागराज में मकर संक्रांति पर शाही स्नान के साथ ही कुंभ का आरंभ हुआ। संगम तट करीब डेढ़ करोड़ लोगों ने मकर संक्रांति पर स्नान किया। कुंभ के प्रथम शाही स्नान पर श्रद्धालुओं का पुण्य की डुबकी लगाने का क्रम शाम तक जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि मकर संक्रांति स्नान रात्रि लगभग ढाई बजे शुभ मुहूर्त से शुरू हो गया था। अभी पांच स्नान पर्व शेष हैं। अगला स्नान पर्व 21 जनवरी को होगा।

प्रथम शाही स्नान पर अखाड़ों में अनुशासन, परंपरा व समर्पण नजर आया। जनता-जनार्दन को अखाड़ों की भव्यता के साथ संस्कार व संस्कृति का दर्शन हुआ। अनुशासन के लिए हर अखाड़े के प्रमुख महात्मा सक्रिय रहे। हर अखाड़े के संतों ने सर्वप्रथम अपने आराध्य को डुबकी लगवाई, उसके बाद अस्त्र-शस्त्र और फिर खुद स्नान किया। पहले स्नान पर्व पर 1.40 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम स्नान किया जबकि एक दिन पहले सोमवार को करीब 56 लाख लोगों ने डुबकी लगाई थी। दोनों दिन मिलाकर करीब दो करोड़ लोगों ने संगम में मकर स्नान किया। आज सुबह का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होने के बावजूद उत्साह बना रहा।