अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस्तीफे की फर्जी खबर, बंटे ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ के नकली अखबार

ख़बरें अभी तक:बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस्तीफे की फर्जी खबर फैलने से दुनिया भर में ट्रंप विरोधियों में खुशी की लहर फैल गई, लेकिन यह खबर झूठी निकली। दरअसल, बुधवार को अमेरिका में ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ न्यूज पेपर के फर्जी संस्करण का व्हाइट हाउस के आस-पास और वॉशिंगटन के व्यस्त इलाके में खुले आम वितरण हुआ। इसमें दावा किया गया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्तीफा दे दिया है। मूल न्यूज पेपर के संस्करण की तरह इसे पेश किया गया। इसमें 6 कॉलम में बड़ा शीर्षक दिया गया- ‘अप्रत्याशित : ट्रंप व्हाइट हाउस से विदा, संकट खत्म’ (‘UNPRESIDENTED Trump hastily departs White House, ending crisis’).

इस लीड न्यूज में 4 कॉलम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर लगी हुई है। जिसमें वो सिर नीचे झुकाए परेशान नजर आ रहे हैं। समाचार एजेंसी के मुताबिक पेनसिलवेनिया एवेन्यू और व्हाइट हाउस के बाहर इस न्यूज पेपर को बांट रही एक महिला ने कहा कि वॉशिंगटन पोस्ट का यह विशेष संस्करण लीजिए। यह मुफ्त है। आपको यह कभी नहीं मिलेगा। महिला प्लास्टिक बैग में न्यूज पेपर का बंडल रखकर वहां से गुजरने वालों को उससे निकालकर न्यूज पेपर थमा रही थी। वहीं, यह मामला सामने आने के बाद ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने ट्वीट कर अपना स्पष्टीकरण जारी किया।

वॉशिंगटन पोस्ट ने कहा कि कि ट्रंप के इस्तीफे की फर्जी न्यूज वाले अखबार का वितरण किया गया। इस फर्जी न्यूज पेपर से वॉशिंगटन पोस्ट का कोई लेना-देना नहीं है। इस घटना की जांच की जा रही है। हालांकि अभी इस खबर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।